बाराबंकी में त्योहारों के दृष्टिगत कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार और पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने घनोखर, घंटाघर, सिटी पुलिस चौकी, प्रमुख चौराहों, बाजारों, और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा का जायजा लिया। अधिकारियों ने आम जनता और व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया और त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की समस्या या कानून व्यवस्था भंग होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की।
पैदल गश्त के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि प्रशासन हर स्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर सुमित त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अजय कुमार त्रिपाठी, सिटी चौकी इंचार्ज अजय पांडे और अन्य अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, जिससे त्योहारों का आयोजन शांति और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
प्रशासन का यह कदम आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

No comments:
Post a Comment